जाति नहीं, विकास बने राजनीति का आधार : डॉ. राजेश्वर सिंह
शिक्षा, रोजगार और राष्ट्रीय एकता को प्राथमिकता देने की अपील
लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि 21वीं सदी की राजनीति का आधार जाति और धर्म नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार और विकास होना चाहिए। उन्होंने मतदाताओं से जातीय समीकरणों और पहचान आधारित राजनीति से ऊपर उठकर बच्चों के भविष्य, युवाओं के अवसर और देश की प्रगति को प्राथमिकता देने की अपील की।
डॉ. सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक मतदाताओं पर निर्भर करती है। चुनाव के समय जनप्रतिनिधियों का मूल्यांकन उनके कार्यों, विकास के प्रति प्रतिबद्धता और भविष्य की योजनाओं के आधार पर किया जाना चाहिए। राजनीति का उद्देश्य समाज को बांटना नहीं, बल्कि सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना विकास की प्रमुख शर्त है। देश तभी मजबूत होगा, जब हर युवा को अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर आगे बढ़ने का समान अवसर मिलेगा। विधायक ने कहा कि जाति और धर्म के नाम पर होने वाली गोलबंदी सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को प्रभावित करती है। राजनीतिक विमर्श में पहचान आधारित मुद्दों के बजाय निवेश, रोजगार, शिक्षा और सुशासन जैसे विषयों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
